बरेली:भिटौरा पुलिया के पास हार्डवेयर व परचून दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक।
बरेली। कस्बे के फतेहगंज पश्चिमी अंतर्गत लोधी नगर चौराहे से शाही जाने वाली सड़क पर भिटौरा पुलिया के पास स्थित एक हार्डवेयर एवं परचून की दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही लोधी नगर के सभासद महेंद्र पाल शर्मा और भाजपा नेता ओमेंद्र सिंह चौहान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अविलंब फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचित किया तथा दुकान मालिक व स्थानीय निवासियों की सहायता से बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड टीम प्रभारी के.के. बंसल के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
इसके साथ ही, घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीन कुमार एवं चौकी प्रभारी आदेश कुमार पुलिस बल के साथ स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर लगी भीड़ को हटाया और सड़क पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। आग पूरी तरह बुझने के बाद पुलिस और दमकल टीम ने राहत की सांस ली।
(संवाददाता: डॉ. मुदित प्रताप सिंह)
0 टिप्पणियाँ