फोन चार्ज करने के बहाने गाड़ी मांगी, डिवाइडर में ठोकी; हर्जाना मांगने पर युवक की लोहे की रॉड से पिटाई
मीरगंज। थाना मीरगंज क्षेत्र के लभारी गांव में गाड़ी टकराने के हर्जाने की मांग करने पर एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लभारी निवासी पीड़ित मान सिंह पुत्र जोगराज ने थाना प्रभारी मीरगंज को दी तहरीर में बताया कि 29 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपने गांव के राहुल पुत्र अनिल पांडे के साथ बैठा बातचीत कर रहा था। पीड़ित की गाड़ी (UP 16 AW 9450) पास में खड़ी थी। आरोपी राहुल ने फोन चार्ज करने का बहाना बनाकर चाबी मांगी। चाबी मिलने के बाद राहुल ने गाड़ी स्टार्ट की और आगे लगे डिवाइडर में मार दी, जिससे गाड़ी का अगला पहिया टेढ़ा (बैंड) हो गया।
जब मान सिंह ने राहुल से गाड़ी में हुए नुकसान का हर्जाना देने को कहा, तो उसने घर से पैसे लाने की बात कही। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब मान सिंह उसके घर पहुंचा, तो आरोपी राहुल ने पीछे से उसकी पीठ पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल होकर मान सिंह मौके पर ही गिर पड़ा।
शोर सुनकर स्थानीय लोग रामबहादुर, धर्मेंद्र और भोला मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी अपने घर में जाकर बंद हो गया। गंभीर रूप से घायल मान सिंह को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपी राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
0 टिप्पणियाँ